अयोध्या में निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी व फिक्स दुकानों से कॉपी, किताब और ड्रेस खरीदने का दबाव बनाने को लेकर कांग्रेस निजी स्कूलों के विरोध में उतर आई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राजेश मिश्र को सौंपा है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चेत नारायण सिंह व महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम के नेतृत्व में निजी विद्यालयों की मनमानी को लेकर उत्तर प्रदेश के राज्यपाल को जिलाधिकारी के माध्यम से संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया गया है। जिलाध्यक्ष चेत नारायण सिंह और महानगर अध्यक्ष सुनील कृष्ण गौतम ने बताया कि निजी स्कूलों मे मनमानी चल रही है। इसके विरोध में आज कांग्रेस के लोगों ने अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को दिया है। उत्तर प्रदेश के सभी स्कूलों में नए सत्र का प्रवेश शुरू हो चुका है। उत्तर प्रदेश के निजी स्कूल पूरी तरह से मनमानी पर उतारू हो चुके हैं और सभी निजी विद्यालय को उन्होंने लूट का अड्डा बना दिया है, वो न सिर्फ मनमानी फीस वृद्धि कर रहे हैं बल्कि अपनी ओर से बताई गई दुकानों से ही कॉपी, किताबें और यूनिफॉर्म, जूते मनमाने दामों पर खरीदने के लिए अभिभावकों पर दबाव बना रहे हैं।