मिल्कीपुर के रण को जीतने के लिए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नेता प्रतिपक्ष और ब्राह्मण चेहरा माता प्रसाद पांडेय को भी चुनाव प्रचार में उतार दिया है। माता प्रसाद मिल्कीपुर में चौपाल कर रहे हैं। डोर टू डोर मतदाताओं से मिल कर अखिलेश यादव की नीतियों का बखान कर रहे हैं। मिल्कीपुर में चुनाव प्रचार करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बीजेपी नहीं लड़ रही है, यह चुनाव सरकार लड़ रही है। मिल्कीपुर की जनता समाजवादी पार्टी के साथ है। यह चुनाव बीजेपी नहीं प्रशासन लड़ रहा है। यदि भाजपा चुनाव लड़े तो उसकी जमानत जब्त हो जाए लेकिन यहां चुनाव प्रशासन लड़ रहा है, दरोगा लड़ रहा है डीएम लड़ रहा है, एसडीएम लड़ रहा है, सिपाही लड़ रहा है, पुलिस कप्तान लड़ रहा है। यह लोग लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित कर रहे हैं। भाजपा संविधान विरोधी है। ये असंवैधानिक कार्य करने के लिए अधिकारियों को प्रेरित करते हैं। यह अधिकारी लोक सेवक हैं, इस सरकार के सेवक नहीं हैं ।सभी अधिकारियों का अपना दायरा है। उनके रूल रेगुलेशन हैं, उनके अनुसार उनको कार्य करना चाहिए। इसकी उपेक्षा हो रही है। यहां की जनता इस बात को समझ रही है।