अयोध्या में मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है। इसी के साथ नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई, जो 17 जनवरी तक चलेगी। हालांकि 13 जनवरी तक खरमास रहेगा। हिंदू धर्म की मान्यताओं के अनुसार खरमास में शुभ कार्य नहीं किया जाता है। इसके चलते 13 जनवरी के बाद ही नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की संभावना है। खरमास के चलते प्रमुख राजनीतिक दलों की ओर से नामांकन पत्र दाखिल किए जाने की संभावना बहुत ही कम है। वैसे भी अभी भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रत्याशी के नाम की घोषणा नहीं हुई है। सूत्रों की मानें तो 15 जनवरी तक उम्मीदवार का नाम फाइनल होगा। समाजवादी पार्टी अपना प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। दोनों प्रमुख दलों की ओर से खरमास खत्म होने के बाद ही शुभ मुहूर्त में 14 से 17 जनवरी के बीच नामांकन किया जा सकते हैं। मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव का मतदान पांच फरवरी और मतगणना आठ फरवरी को होनी है।