उत्तर प्रदेश में पहली बार अयोध्या में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर महिला जनसुनवाई करने पहुंची। उन्होंने बताया कि अयोध्या संभाग से पहले ही आयोग को 40 शिकायतें मिल चुकी हैं और आज जनसुनवाई के दौरान 15 शिकायतें मिली हैं। कुल मिलाकर 55 शिकायत मिली है, जिसका निस्तारण किया जाएगा। सभी शिकायतों का निस्तारण तुरंत नहीं हो पाता है, उसमें समय लगता है। विजया रहाटकर ने बताया कि महिलाएं अपने गांव से दिल्ली तक नहीं पहुंच पाती हैं, इसलिए राष्ट्रीय महिला आयोग उनके जिले में पहुंच कर सुनवाई कर रहा है। सुनवाई के दौरान अलग-अलग शिकायतें मिली हैं। हर एक की बात हमने सुनी है। जिस तरह की शिकायती थी, उसे लेकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। पुलिस से संबंधित शिकायतें एसएसपी को व प्रशासनिक शिकायत डीएम को निस्तारण कराने के लिए निर्देशित किया गया है। मुझे विश्वास है आज की जनसुनवाई में सभी को न्याय मिलेगा। कोई भी शिकायत तुरंत निस्तारित नहीं हो पा होती है। कुछ मामले कोर्ट में चलते हैं, कुछ की आयोग में सुनवाई होती है। इसकी सुनवाई लंबी चलती है। दो-तीन बार दोनों पक्षों के साथ बैठना पड़ता है, उसके बाद ही निस्तारण होता है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर के साथ उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबिता चौहान व उपाध्यक्ष अपर्णा यादव भी मौजूद रहीं। इसके साथ ही जनसुनवाई के दौरान आईजी प्रवीण कुमार, डीएम चंद्र विजय सिंह, एसएसपी राजकरण नय्यर व एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी भी मौजूद रहे।