अयोध्या में भरतकुंड टैक्सी स्टैंड का विवाद थम नहीं रहा है। श्रीभरत हनुमान मिलन मंदिर के महंत परमात्मा दास ने एलान कर दिया है कि यदि टैक्सी स्टैंड के नाम पर अवैध वसूली बंद नहीं हुई तो वह स्थानीय लोगों और दुकानदारों के साथ जिलाधिकारी का घेराव करेंगे। डीएम के दफ्तर पर धरना भी दिया जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गृह मंत्री अमित शाह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भी लिखा गया है। मंदिर के महंत और स्थानीय दुकानदारों ने आरोप लगाते हुए कहा कि कई दिनों से अवैध तरीके से भरतकुंड मंदिर के पास टैक्सी स्टैंड का संचालन किया जा रहा है। इससे कुछ ही दूरी पर टोल प्लाजा है। इसके बाद भी यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं से अवैध वसूली हो रही है। दो जगह पर टैक्स देने के चलते श्रद्धालुओं ने आना कम कर दिया है। भरतकुंड भदरसा नगर पंचायत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए महंत और स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि यहां के अधिशासी अधिकारी हिंदू विरोधी नीति बनाकर पूरे हिंदू समाज को परेशान कर रहे हैं। इसके पहले परिक्रमा संपर्क मार्ग खोदने की कोशिश की गई। साथ ही मंदिर के पास नगर पंचायत की ओर से मांस की बिक्री कराई जा रही है। हिंदू विरोधी नगर पंचायत प्रशासन ने भरतकुंड मंदिर को अपने निशाने पर ले रखा है।