भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच गृह मंत्रालय की ओर से जारी अलर्ट को लेकर उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मॉक ड्रिल होनी है। अयोध्या में राम मंदिर की संवेदनशीलता के चलते अयोध्या का प्रशासन और पुलिस अलर्ट है। दूसरी तरफ जिला अस्पताल भी अलर्ट मोड पर है। मंगलवार को कमिश्नर गौरव दयाल, आईजी प्रवीण कुमार, डीएम निखिल टीकाराम और एसएसपी डोगरा रेजीमेंट सेंटर पहुंचकर सेना के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। माना जा रहा है कि अयोध्या के डोगरा रेजीमेंट सेंटर को भी अलर्ट किया गया है। इस बारे में आईजी प्रवीण कुमार ने बताया कि राम मंदिर की सुरक्षा को लेकर अयोध्या हमेशा अलर्ट रहती है। जो भी फोर्स अयोध्या में लगी हैं, चाहे पैरामिलिट्री फोर्स हो सीआरपीएफ हो या और पीएससी और सिविल पुलिस, सभी अलर्ट पर रहते हैं। वहीं, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके सिन्हा ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला अस्पताल में सभी संसाधन मौजूद हैं। जिला अस्पताल में 212 बेड हैं। इसके साथ ही जिला अस्पताल से सात किलोमीटर दूर मेडिकल कॉलेज भी है। वहां भी मरीजों को रेफर किया किया जाता है। अयोध्या की सुरक्षा को लेकर सभी एजेंसी सतर्क हैं। अयोध्या की संवेदनशीलता के चलते स्थानीय पुलिस के साथ एटीएस और एसटीएफ भी अलर्ट है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा एजेंसियो और सुरक्षा बलों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।