मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या को देश की पहली सोलर सिटी बनाने के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नई उड़ान देंगे। इसके लिए भारत सरकार के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की सचिव निधि खरे बुधवार को रामनगरी पहुंची। उन्होंने यहां पर सौर ऊर्जा की परियोजनाओं का निरीक्षण किया। एनटीपीसी के सोलर पार्क का भ्रमण करते हुए इसे और विस्तार देने के संबंध में अधिकारियों को सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि अयोध्या को विश्व स्तरीय सोलर सिटी के रूप में पहचान दिलानी है। इसके लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सरकारी भवनों पर रूफ टॉप सोलर संयंत्र लगाने की योजना की प्रगति को भी परखा। भारत सरकार की सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के लक्ष्य को अयोध्या में और विस्तार देना है और उसे योजनाबद्ध तरीके से पूरा भी करना है। उन्होंने यूपीनेडा के अधिकारियों के साथ बैठक भी की। इस दौरान विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए दिशा निर्देश दिए। बैठक में यूपीनेडा के प्रोजेक्ट मैनेजर पीएन पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।