अयोध्या में अवध धाम हनुमान मंडल की चौरासी कोसी परिक्रमा शनिवार को कारसेवक पुरम से मखभूमि (मखौड़ा) के लिए प्रस्थान कर गई। विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय पदाधिकारी कोटेश्वर शर्मा ने झंडी दिखाकर परिक्रमा को रवाना किया। अयोध्या धाम में परंपरागत स्थानों से आशीर्वाद लेते हुए सभी परिक्रमार्थी मखौड़ा पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे। रविवार को बैशाख कृष्ण प्रतिपदा पर सुबह छह बजे शुरू होकर बैशाख शुक्ल सप्तमी पर चार मई को 22 दिवसीय परिक्रमा का यह धार्मिक अनुष्ठान पूर्ण होगा। परिक्रमा प्रमुख सुरेंद्र सिंह ने बताया कि व्यवस्था के अनुसार पर्याप्त समय पहले से हर बार की तरह परिक्रमा करने वालों का पंजीकरण शुरू कर दिया गया था। छोटी छावनी से महंत कमल नयन दास, सियाकिशोरी शरण सद्गुरु सदन गोलाघाट, महंत चिन्मय दास कटराकुटी धाम के सान्निध्य में परिक्रमा प्रस्थान के अवसर पर कारसेवक पुरम के प्रभारी शिवदास सिंह, वीरेंद्र, उमेश पोरवाल, विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता शरद शर्मा, सुबोध मिश्र सहित कई साधु, संत व गणमान्य लोग मौजूद थे।