अयोध्या में नगर निगम के प्रवर्तन दल के सदस्यों की ओर से अयोध्या धाम के राजद्वार पार्क में कुछ लोगों के साथ किए गए अमानवीय व्यवहार की जांच के आदेश महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने दिए हैं। अपर नगर आयुक्त भरत भार्गव को जांच अधिकारी बनाया गया है। राजद्वार पार्क का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें प्रवर्तन दल के सदस्य कुछ लोगों से पहले उठक-बैठक कराते और फिर दीवार के सहारे उल्टा खड़ा करवाते दिख रहे हैं। इस बारे में जानकारी होने पर महापौर ने शुक्रवार को प्रवर्तन दल के प्रभारी वीके सिंह को तलब कर पूछताछ की। इसके बाद जांच और कार्रवाई के आदेश दिए हैं।