अयोध्या में पूराकलंदर थाना क्षेत्र स्थित भरतकुंड टोल प्लाजा पर टोल टैक्स मांगने को लेकर टोलकर्मी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित टोलकर्मी उत्कर्ष सिंह की शिकायत पर पुलिस ने निषाद पार्टी के नेता करुणाकर पांडे उर्फ बबलू पांडे और उनके अज्ञात साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोप है कि टोल प्लाजा पर वाहन से गुजरते समय टोल टैक्स मांगे जाने पर विवाद हो गया। इसके बाद करुणाकर पांडे और उनके साथियों ने टोलकर्मी उत्कर्ष सिंह के साथ मारपीट की। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपियों ने राइफल के बट से हमला कर उसे घायल कर दिया। इतना ही नहीं, टोलकर्मी से सात हजार रुपये छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है। घटना टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।