अयोध्या में समाजवादी पार्टी का अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। सिर पर घरेलू गैस सिलिंडर और ठेले पर मोटरसाइकिल रखकर सपाइयों ने महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। पूर्व राज्य मंत्री पवन पांडे के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से प्रदर्शन करते हुए निकले।प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल-डीजल की बढ़ी कीमतें, घरेलू गैस की किल्लत और नीट परीक्षा पेपर लीक जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। रीडगंज चौराहे पर पहुंचते ही नगर पुलिस ने सपाइयों को रोक लिया, जिसके बाद पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान पवन पांडे ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। उन्होंने मांग की कि पेट्रोल-डीजल के बढ़े दाम वापस लिए जाएं और गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।पवन पांडे ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर कर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। साथ ही दावा किया कि जिले की पांचों सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी।