अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर स्थित यज्ञशाला में शनिवार को नन्हे कलाकारों ने भरतनाट्यम के माध्यम से प्रभु श्रीराम के जीवन प्रसंगों की मनोहारी प्रस्तुति दी। तीन से 15 वर्ष आयु वर्ग के 25 बच्चों ने भाव-भंगिमाओं, आंखों की चितवन और सधे हुए शारीरिक संचालन से ऐसा आकर्षक दृश्य प्रस्तुत किया कि दर्शक भावविभोर हो उठे। कार्यक्रम के दौरान लगातार तालियों की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीराम के जीवन के विभिन्न प्रसंगों को नृत्य के जरिए सजीव रूप में प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति में अनुशासन, समर्पण और कला के प्रति लगन साफ दिखाई दी। ये सभी प्रतिभागी गाजियाबाद स्थित शिवा डांस इंस्टीट्यूट के थे, जो संचालिका सोनिका श्रीवास्तव के नेतृत्व में अयोध्या पहुंचे थे। यह संस्थान डॉ. विनोदिनी सुरेन्द्र सेवा ट्रस्ट, अयोध्या के तत्वावधान में संचालित है।कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।