अयोध्या में शहर के व्यस्त चौक क्षेत्र में रविवार को पुलिस प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाया। अभियान का नेतृत्व क्षेत्राधिकारी नगर श्रीयश त्रिपाठी ने किया। इस दौरान चौकी प्रभारी चौक मनोज त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में सिविल पुलिस और पीएसी के जवान मौजूद रहे। अभियान के दौरान सड़क किनारे लगे ठेले, पटरी दुकानों और अन्य अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। साथ ही बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को भी हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई गई। चौक क्षेत्र की कई मिठाई दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण पर भी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने बताया कि चौक क्षेत्र में प्रतिदिन लगने वाले जाम और राहगीरों को होने वाली परेशानी को देखते हुए यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही।