अयोध्या के मिल्कीपुर में अमानीगंज के इंछोई गांव में रविवार को आंगनबाड़ी केंद्र द्वितीय का निर्माण आबादी से दूर कराए जाने से नाराज ग्रामीणों ने घंटों विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की जानकारी होते ही राजस्व लेखपाल व स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि आबादी के बीच में केंद्र का निर्माण नहीं कराया गया तो वह धरना देंगे। सीडीपीओ वंदना सिंह ने कहा कि शिकायत के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है। ग्रामीण बंशीधर दुबे, रज्जन कुमार, काशी नाथ, रितेश मिश्र, जय शंकर मिश्र, सत्यदेव, रीता देवी, आयुष मिश्र समेत दर्जनों ग्रामीणों ने संयुक्त हस्ताक्षरित प्रार्थना पत्र उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी व सीडीपीओ को देकर आरोप लगाया है कि प्रस्तावित आंगनबाड़ी केंद्र का निर्माण ग्रामसभा के पश्चिमी छोर पर निर्जन स्थान पर किया जा रहा है, जिससे नन्हे बच्चों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल पाएगा। ऐसी स्थिति में इस केंद्र का निर्माण पूरे पंडित, फुकनवापुर, पूरे जोरई मिश्रा, कोंदलहिया के बीच किसी सार्वजनिक भूमि पर किया जाना चाहिए, जिससे इस केंद्र से आच्छादित मजरों के नन्हे बच्चों व महिलाओं को केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो। शिकायत के बावजूद निर्माण कार्य होता देख ग्रामीण आक्रोशित हो गए और उन्होंने घंटों विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद स्थानीय पुलिस और लेखपाल भी मौके पर पहुंच गए। निर्माण कार्य को लेकर ग्राम प्रधान गुड़िया के पति जसवंत कुमार का कहना है कि आबादी के बीच भूमि देखी जाएगी, मिलने पर वही निर्माण कराया जाएगा। सीडीपीओ वंदना सिंह ने बताया कि शिकायती प्रार्थना पत्र मिलने के बाद बीडीओ से वार्ता कर निर्माण कार्य रोक दिया गया है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।