अयोध्या पहुंची राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा है कि वक्फ बिल संसद में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत पारित हुआ है। इसने कानून का रूप ले लिया है। अब इसे हर किसी को मानना पड़ेगा। अपर्णा राष्ट्रीय महिला आयोग और दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान की ओर से आयोजित शी इज चेंज मेकर अभियान के तहत कार्यशाला में शिरकत करने के लिए अयोध्या पहुंची थी। इस अभियान के तहत अवध विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर मौजूदगी में निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने कहा कि महिला आयोग की ओर से यह अच्छी पहल की गई है। देश भर के महिला आयोग की प्रतिनिधि इस वक्त अयोध्या में मौजूद हैं। वह सभी रामलला के दर्शन भी करेंगी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी के संबंध में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कोई जवाब देने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि इस बारे में जिसने बयान दिया है, उसी से पूछना चाहिए।