अब ट्रस्ट कर्मी और सुरक्षाकर्मियों की भी हो रही तलाश अयोध्या: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद अब सुरक्षा प्रोटोकॉल में बदलाव किया गया है। पहले ट्रस्ट से जुड़े लोग चेकिंग व्यवस्था से दूर रहते थे, सुरक्षा कर्मी उनसे किसी तरह की रोकटोक नहीं करते थे, जिसका गणना में जुटे कर्मियों ने भी खूब फायदा उठाया। मामला उजागर होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई जिसके बाद कई अहम बदलाव किए गए हैं। अब ट्रस्ट कर्मी और सुरक्षा में जुटे लोगों की भी तलाशी की जा रही है। उनके प्रवेश और निकास के समय उनकी चेकिंग हो रही है। प्रवेश मार्गों पर भी सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। सभी वाहनों की सघन तलाशी के बाद ही अंदर भेजा जा रहा है। ट्रस्ट कर्मियों को फेस रीडिंग और बायोमीट्रिक प्रणाली से भी गुजरना पड़ रहा है। गणनास्थल पर भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त की गई है।