बिधूना-ऐरवा कटरा मार्ग पर बुधवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। रठगांव स्थित पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिधूना लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र के सराय कछवाहा गांव निवासी छोटे (35) पुत्र सुरेश, हैप्पी (30) पुत्र अहिवरन और मोनू (32) पुत्र प्रमोद एक ही बाइक से किसी काम से बिधूना आ रहे थे। रठगांव स्थित पेट्रोल पंप के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।