खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को दिबियापुर रोड, तुर्कीपुर चित्तरसिंह स्थित एक नामी कोल्ड ड्रिंक एजेंसी पर छापेमारी कर करीब 5.10 लाख रुपये कीमत की 60 हजार एक्सपायरी बोतलें बरामद कीं। विभाग ने कंपनी प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एक्सपायरी माल को ट्रैक्टर और रोटावेटर चलवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया। सहायक आयुक्त (खाद्य) सुनील कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास और अनिल कुमार संखवार की टीम ने एजेंसी का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर के बाहर भारी मात्रा में ऐसी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें मिलीं, जिनकी मियाद पूरी हो चुकी थी।