सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए औरैया क्षेत्र के असेनी गांव से 17 कांवड़ियों का जत्था 51 लीटर गंगाजल लेकर देवकली मंदिर के लिए रवाना हुआ। कांवड़िए कन्नौज के सिंघिरामपुर से गंगाजल भरकर पैदल यात्रा करते हुए शनिवार को बेला पहुंचे। सोमवार को सभी कांवड़िए औरैया के प्रसिद्ध देवकली मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे। कांवड़ यात्रा में अमित, कपिल, विशाल, शिवम, विशाल, रिशु, मोहन, करवेंद्र, विमल, दीपक, कन्हैया, सत्यम और प्रवीन समेत कुल 17 लोग शामिल हैं। कांवड़ियों ने बताया कि उन्होंने प्रथम कलश कांवड़ लेकर यात्रा शुरू की है। निर्धारित यात्रा पूरी करने के बाद सोमवार को देवकली मंदिर में गंगाजल अर्पित करेंगे। कांवड़ियों ने बताया कि पिछले वर्ष भी उन्होंने डाक कांवड़ यात्रा की थी। इस बार भी भगवान शिव के प्रति आस्था और श्रद्धा के साथ यात्रा कर रहे हैं। यात्रा के दौरान जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।