होटल हब में हाईवे पर दो अस्थायी कट बनाए जाने का काम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए व्यापारियों की बीते दिनों एनएचएआई के अधिकारियों से खासी नोकझोंक हुई थी। व्यापारियों का कहना है कि दो कट बन जाने सेे हाईवे से गुजरने वाले वाहन आसानी से प्रतिष्ठान तक पहुंच सकेंगे। उनका कारोबार प्रभावित नहीं होगा। होटल हब के व्यापारी पिछले कई साल से हाईवे पर कट की मांग करते आ रहे हैं। उनकी मांग है कि दिल्ली से मुरादाबाद जाने वाले वाहनों की लेन पर बीकानेर के सामने कट दिया। मुरादाबाद से दिल्ली जाने के लिए अलबैक के सामने कट की मांग करते आ रहे हैं। हालांकि व्यापारियों ने कट बना रखे थे। मगर एनएचएआई के अधिकारी ढुलमुल रवैया अपनाए हुए थे। कभी भी बंद करने पहुंच जाते थे। जिस पर उनको विरोध का सामना करना पड़ता था। पांच जून को एनएचएआई का स्टाफ पुलिस बल के साथ अवैध कटों को बंद करने पहुंचा तो होटल हब और व्यापारिक प्रतिष्ठान स्वामी न सिर्फ विरोध करने पर उतरे, बल्कि हाईवे पर बैठ गए थे।