देसी शराब की दुकान को बंद कराने के बाद महिलाओं ने उसे हटाने की मांग उठाई। कहा शराब पीकर लोग एक दूसरे से गाली गलौज करतेे हैं। महिलाओं, युवतियों और छात्राओं को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। पुलिस के साथ मौकेे पर पहुंचे आबकारी निरीक्षक महिलाओं को समझाया कि शराब की सरकारी दुकान है। बिक्री में अनियमितता पाए जाने पर ही दुकान हट सकती है। सोमवार सुबह सलेमपुर गौसाईं की महिलाएं एकत्र होकर शराब की दुकान को बंद करा दिया और उसके आगे धरना देकर बैठ गईं। उनके साथ ग्राम प्रधान ओमकार सैनी भी थे। ग्राम प्रधान ने कहा कि वह पहले ही दुकान हटाने के लिए डीएम को पत्र दे चुकेे हैं। महिलाओं ने दुकान को हटाने की मांग की। शराब की दुकान के आगे महिलाओं के धरना देने और बंद कराने की सूचना पाकर पुलिसकर्मी पहुंच गए। उन्होंने महिलाओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन महिलाओं ने साफ कह दिया कि शराब की दुकान के कारण यहां का माहौल बिगड़ रहा है। इसलिए किसी भी कीमत पर दुकान यहीं नहीं चलने दी जाएगी। सूचना पाकर आबकारी निरीक्षक आरके सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने भी हंगामा कर रहीं महिलाओं को समझाया। मगर महिलाएं दुकान हटाए जाने की मांग पर अड़ गईं। आबकारी निरीक्षक ने उनको यह कहकर समझाया कि शराब की दुकान पर कोई अनियमितता पाए जाने, ओवररेट की शिकायत पर हटाई जा सकती है, बंद नहीं हो सकती। महिलाओं की समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन देकर उनको शांत किया।