पांच बहनों के इकलौते भाई आकाश कुमार (25)निवासी चौबारा की माथे पर कोई नुकीली वस्तु से प्रहार कर हत्या कर दी। हत्यारोपी उसका शव गांव के बाहरी छोर पर बनी पानी की टंकी के निकट गहरे खेत में फेंक गए। हत्यारोपियों की बाइक भी मौके पर रह गई। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। थाना क्षेत्र का गांव चौबारा नगर के मोहल्ला भानपुर खालसा से सटा हुआ है। यहां निवासी जसवंत सिंह जोगी एक डेयरी में ठेकेदार के अधीन काम करते हैं। उन पर पांच बेटी एक बेटा आकाश था। पेंटर का काम करता था। जसवंत सिंह और उनके परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि आकाश बृहस्पतिवार सुबह घर से निकला। जसवंत का कहना है कि उन्होंने दोपहर 1.30 बजे आकाश को फोन किया। उसने उनको बताया कि वह तिगरी गंगा मेले में है। फोन पर आवाज आ रही थी कि वह अपने दोस्तों के साथ था। इसके वह अपने काम में लग गए। शाम को करीब 5 बजे आकाश का शव गांव निवासी ग्रामीण के गहरे खेत में मिला। खेत चौहड़पुर और कटाई को जाने वाले मार्ग किनारे बाहरी छोर पर है। पास में ही पानी की टंकी है। उसके माथे पर किसी नुकीली वस्तु से प्रहार किया गया था। जिसका घाव दिखाई दे रहा था। उसके कपड़े खून से लथपथ थे। पेट समेत शरीर के अन्य हिस्से पर भी पिटाई के निशान थे। नाक से खून निकल रहा था। प्रतीत हो रहा था कि उसकी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को फेंका गया था। मौके पर ही हत्यारोपियों की बाइक पड़ी थी। घटना की खबर लगते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे। मृतक को सीएचसी में लेकर आए। यहां पर रोते बिलखते परिजन पहुंच गए। भाजपा जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी सीएचसी में आए। परिजनों से जानकारी ली। सूचना पाकर पुलिस पहुंच गई। परिजनों से घटना के बारे में जानकारी ली।