कोहरे व सर्दी का असर ट्रेनों के संचालन पर भी पड़ रहा है। दृश्यता नहीं होने के कारण ट्रेनों को 100 किमी प्रति घंटे की बजाय 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलाया गया। उधर कोहरे व सर्दी के कारण ही रेलवे स्टेशन दिन भर सुनसान रहा। दिल्ली-लखनऊ रेलवे टैक पर ट्रेन 100 से 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ती हैं। 24 घंटे में 100 से अधिक ट्रेन गुजर जाती हैं, मगर कई दिन से लगातार पड़ रही कड़ाके की सर्दी और जमकर आ रहा कोहरा ट्रेनों के सही संचालन में रोड़ा बन रहा है। कोहरे में दृश्यता नहीं रहने के कारण ट्रेनों को रफ्तार कम कर गुजारा जा रहा है। जहां सामान्य मौसम में ट्रेनें 100 व 110 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलती थीं, अब कोहरे के कारण 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही हैं। वहीं सर्दी के कारण शुक्रवार को रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या भी गिनी चुनी रही। दोपहर करीब 12.30 बजे तक स्टेशन पर सुनसान दिखाई दिया। स्टेशन अधीक्षक केएल कश्यप ने बताया कि कोहरे के कारण ट्रेनें देरी से चल रही हैं, मगर बहुत अधिक लेट नहीं है। सर्दी के कारण यात्रियों की संख्या कम दिखाई दे रही है। शुक्रवार को बहुत कम यात्री स्टेशन पर दिखाई दिए, जबकि यहां पर यात्रियों की भीड़ लगी रहती है।