कार्तिक पूर्णिमा गंगा मेले के मुख्य स्नान पर कांकाठेर रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं का जमावड़ा रहा। रेलवे कर्मचारियों के साथ ही आरपीएफ व जीआरपी को लाइन पार कर रहे श्रद्धालुओं को रोकने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। कांकाठेर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बहुत कम होने के कारण आमतौर पर सुनसान रहता है। कार्तिक पूर्णिमा मेले पर यहां चहल पहल बढ़ जाती है। कारण यह तिगरी गंगा मेला स्थल के सबसे निकट है। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा में स्नान करने वाले हजारों श्रद्धालु ट्रेनों से आते-जाते हैं। श्रद्धालुओं की सहूलियत के लिए रेलवे ने स्टेशन पर 13 ट्रेनों का दो-दो मिनट का ठहराव किया। बुधवार को मुख्य स्नान पर गंगा में डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं ने ट्रेन से सफर किया। जिनके कारण स्टेशन पर श्रद्धालुओं का खासा जमावड़ा रहा। स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि हरेक ट्रेन से हजारों यात्री स्टेशन पर उतरकर तिगरी गंगा मेला गए। स्नान के बाद भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेन में सवार होकर गंतव्य को रवाना हुए।