गजरौला। सावन माह के प्रथम सोमवार पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्त उमड़े। मंदिर पर दूर तक कतारें लग गईं। घंटों इंतजार के बाद जलाभिषेक का मौका मिला। मंदिर परिसर हर-हर बम से गूंज उठा। इस दौरान कुछ लोगों नेे भंडारे का आयोजन कराया। भगवान शिव को अति प्रिय सावन माह के प्रथम सोमवार पर अपने ईष्ट का जलाभिषेक करने के लिए तड़के 3.30 बजे से ही शिव भक्तों ने मंदिरों की ओर रुख कर दिया। सुबह 4 बजे तक चाकीखेड़ा स्थित चाकेश्वर महादेव मंदिर और चौबारा स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शिव भक्तों की लंबी लाइनें लग गईं। यहां बिल्व पत्र लेकर पहुंचेे शिव भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। शिव मंदिर हर-हर बम बम के जयघोष से गूंज उठे। सुरक्षा के लिए पुलिस कर्मी मुस्तैैद रहे।