उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी ने स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं, युवतियों और गांवों के बेरोजगार युवकों से मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ उठाने व रोजगार स्थापित करने का आह्वान किया। कहा कि इससे खुद भी रोजगार कर सकते हैं और अन्य को भी जोड़ सकते हैं। मंगलवार दोपहर 12 बजे ब्लॉक सभागार में विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए ग्रामोद्योग बोर्ड की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मीनाक्षी चौधरी ने उपस्थित बेरोजगार युवक, युवतियाें व समूह की महिलाओं से आह्वान किया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ उठाएं। उन्होंने अन्य को भी अपने साथ जोड़ने का आह्वान किया। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गजेंद्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के जो बेरोजगार युवक, युवतियां व महिला हैं, उनके लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना वरदान सिद्ध हो सकती है। वह अपना उद्योग स्थापित कर खुद भी रोजगार करें और अन्य लोगों को भी रोजगार मुहैया कराएं। एलडीएम उमेश कुमार प्रजापति ने बताया कि स्वरोजगार के लिए बैंकों द्वारा उनको छूट पर ऋण मुहैया कराया जाता है। एसडीओ आईएसबी संजीव कुुमार ने भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों को जानकारी दी कि स्वरोजगार बेहद जरूरी हो गए हैं। समूृह से जुड़कर महिलाएं अच्छी कमाई कर रही हैं।