एंटी करप्शन टीम ने हसनपुर तहसील के कानूनगो अरविंद शर्मा को सेवानिवृत्त होने से 11 महीने पूर्व दस हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। वह नगर की मिठाई की नामचीन दुकान पर हत्थे चढ़ा। अलग-अलग समय पर करीब 40 हजार रुपये लेने के बाद भी उसने खेत की पैमाईश नहीं की। पकड़ा गया कानूनगो राजस्व निरीक्षक संघ का जिलाध्यक्ष भी है। उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। सीएचसी में मेेडिकल कराने के बाद टीम उसे अपने साथ मुरादाबाद ले गई। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी नवल मारवाह ने बताया कि हसनपुर तहसील के गांव कुदैना चक निवासी किसान देवकरन ने 24 जून को उनके कार्यालय में शिकायत की। किसान ने कहा कि उन्होंने अपने खेत की पैमाईश के लिए कानूनगो अरविंद शर्मा से गुहार लगाई। पैमाईश के लिए उसे कभी दस हजार रुपये दिए तो कभी बीस। पिछले चार- पांच महीने में 40 हजार रुपये दे दिए। इसके बाद भी उसने पैमाईश नहीं कराई। आरोप है कि दस हजार रुपये की मांग और करने लगा। शिकायत मिलने पर टीम ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछा दिया। इधर पकड़ने के लिए सोमवार को कलक्ट्रेट से दो सरकारी गवाह लिए। उधर किसान द्वारा कानूनगो को नगर की मिष्ठान की नामचीन दुकान पर बुलाया गया। 9 सदस्यीय टीम के कुछ सदस्य अंदर दुकान में चले गए तोे कुछ बाहर गेट पर खड़ेे हो गए। जहां से सब कुछ दिखाई दे रहा था। किसान ने मिठाई की दुकान पर उसे लस्सी पिलाई। इसके बाद दाहिने हाथ से कानूनगो को दस हजार रुपये दिए। कानूनगो ने बाएं हाथ से रुपये थाम कर जेब में रखे। टीम ने तत्काल रंगे हाथ दबोच लिया। उसे थाना लाया गया। यहां उससे पूछताछ की। पीड़ित किसान देवकरन के बयान दर्ज किए। कानूनगो को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर सीएचसी में मेडिकल कराया। इसके बाद टीम उसे अपने साथ मुरादाबाद ले गई। जहां पर उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।