विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट की ओर से रोक लगाए जाने के बाद अमेठी में खुशी की लहर दौड़ गई। युवाओं और सामाजिक संगठनों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे शिक्षा व्यवस्था के हित में एक अहम कदम बताया। सवर्ण युवा समाज के सदस्यों ने अमेठी रेलवे स्टेशन रोड पर एकत्र होकर एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और सुप्रीम कोर्ट के निर्णय पर संतोष व्यक्त किया। संगठन के सदस्यों का कहना था कि यूजीसी के नए नियमों से छात्रों, शिक्षकों और शैक्षणिक संस्थानों में असमंजस और चिंता का माहौल बन गया था। ऐसे में सुप्रीम कोर्ट का यह फैसला सभी के लिए बड़ी राहत लेकर आया है। सवर्ण युवा समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि यह निर्णय इस बात का प्रमाण है कि छात्रों के अधिकारों और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का अन्याय स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे किसी भी नए नियम को लागू करने से पहले सभी पक्षों की सहमति ली जाएगी। प्रतिनिधि जय प्रकाश मिश्र ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की ओर से लगाई गई रोक सराहनीय और दूरदर्शी है, जो छात्रों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता को ध्यान में रखकर दी गई है। इस अवसर पर विजय तिवारी छोटू, जितेंद्र तिवारी, प्रतीक मिश्र, विकास शुक्ल, पंकज मिश्रा, अभिनव मिश्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सभी ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लोकतंत्र और संविधान की जीत बताया।