एसआईआर फाॅर्म को लेकर अब बीएलओ की समस्या बढ़ रही है। मतदाताओं को वितरित किए गए फाॅर्म बीएलओ को वापस नहीं मिल पा रहे हैं। फाॅर्म मांगने के लिए बीएलओ मतदाता के घर पहुंचते हैं, तो लोग कहते हैं कि फाॅर्म अभी भरा नहीं है या लोग मिल ही नहीं रहे हैं। ऐसे में बीएलओ को परेशान होना पड़ रहा है। जिले में 14,36,528 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जाने थे, जिसमें अब तक 99.86 फॉर्मों का वितरण हो गया है। डाटा डिजिटाइजेशन और गणना प्रपत्रों की फीडिंग में 1489 बीएलओ के साथ कई विभागों के कर्मी ऑनलाइन करने में लगे हैं। अब तक करीब 70 फीसदी से अधिक फॉर्म डिजिटलाइजेशन हो चुके हैं। डेट बढ़ने के बाद भी अभी बच 30 फीसदी काम कराया जाना प्रशासन के लिए चुनौती से कम नहीं है। पूरा प्रशासन इस कार्य को पूरा कराने के लिए जुटा है। गांव-गांव जाने वाले बीएलओ के आगे एक बड़ी समस्या आ रही हैं। गौरीगंज स्थित प्राथमिक विद्यालय द्वितीय में 338, 339, 340 और 341 नंबर बूथ हैं। मौके पर बूथ संख्या 338 के मिले बीएलओ कामता प्रसाद ने बताया कि 1227 मतदाता हैं, 1038 फॉर्म मिले हैं जिसे वितरित कर दिया गया है। कहा कि कुछ फॉर्म बाद में प्रिंट होकर दिए जाने को बताया गया है। करीब 950 फॉर्म संकलित हो गए हैं। कई बहुओं के फॉर्म भरने में दिक्कत आ रही है। इसके अलावा शहर होने के कारण मतदाता सूची में दर्ज ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाता खोजे नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में फॉर्म भरने आदि में दिक्कत आ रही है। 339 की बीएलओ ने बताया कि 1138 मतदाता हैं। 1038 फॉर्म मिले थे, जिसे बांट दिया गया है। 780 मतदाताओं के फॉर्म संकलित हो गए है। करीब 80-90 मतदाता ऐसे हैं जो खोजे नहीं मिल रहे हैं। पड़ोसी भी उनकी सूचना नहीं दे पा रहे हैं। मतदाता फॉर्म भरने में लोग आनाकानी कर रहे हैं। मतदाताओं को समझाने के बाद भी लोग इसे लेकर गंभीर नहीं है। बोले मतदाता, नहीं मिल रहा फॉर्म बूथ पर मिले गौरीगंज कस्बा निवासी शकुंतला ने बताया कि उनका सूची में नाम और फॉर्म नहीं मिला है। बीएलओ के पास आए हैं। कटरा निवासी मीनबाबू ने बताया कि घर में दो लोग हैं। फॉर्म नहीं मिला है, यहां पर जानकारी मिली कि अभी फॉर्म नहीं आया है। बताया कि मतदाता सूची में देखने जा रहे हैं। नगरवा निवासी मनोज कुमार ने बताया कि फॉर्म भरकर जमा करने आए हैं, पत्नी का फॉर्म नहीं आया है। जितेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी, घर में तीन लोग का फॉर्म था, मिल गया है आज भरकर जमा करा देंगे। बीएलओ से मिलकर तत्काल भरें फॉर्म अपर जिला निर्वाचन अधिकारी अर्पित गुप्ता ने बताया कि बीएलओ गांव-गांव पहुंचकर फॉर्म संकलित कर रहे हैं। निर्धारित अवधि में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। जिन मतदाताओं को फॉर्म नहीं मिले हैं, वह बीएलओ व संबंधित एसडीएम से मिलें। उनकी समस्या का निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की है कि वह अपना फॉर्म जल्द से जल्द ऑनलाइन व ऑफलाइन जमा कर दें, जिससे उनका नाम सूची में शामिल हो सके।