पुलिस लाइन परिसर में सोमवार रात आपसी विवाद में सिपाही राकेश सिंह ने हेड कांस्टेबल राजन प्रताप वर्मा के कमरे में घुसकर लोहे की रॉड और डंडों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजन को पहले सीएचसी लाया गया, वहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है, जहां वह भर्ती है। जानकारी के मुताबिक, ड्यूटी के बाद अपने कमरे में आराम कर रहे हेड कांस्टेबल राजन से सिपाही राकेश हालचाल पूछने पर भड़क उठा। आरोप है कि नशे की हालत में मौजूद सिपाही ने पहले डंडे से वार किया, फिर पास में रखी लोहे की रॉड उठाकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया और अमेठी कोतवाली पुलिस को सूचना दी। घायल हेड कांस्टेबल ने बताया कि उन्होंने सिपाही को उसके परिवार का हाल पूछते हुए कुछ अपशब्द कह दिया। इसी बात से राकेश नाराज हो गया और मारपीट पर उतर आया। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने उम्र में बड़े होने के नाते समझाने की कोशिश भी की लेकिन सिपाही ने एक न सुनी और उनकी पिटाई कर दी। कोतवाली पुलिस ने घायल को इलाज के लिए भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक अमेठी रवि सिंह ने बताया कि पुलिस लाइन की घटना संज्ञान में है। अभी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। सिपाही की भूमिका की जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।