बरसात से पहले जल निकासी की तैयारी में प्रशासन ने अवैध कब्जों पर सख्ती शुरू कर दी है। बृहस्पतिवार को अमेठी नगर के सुल्तानपुर मार्ग पर बने 85 अवैध कब्जों को हटाने की बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे बने पक्के निर्माण, गुमटियां, टिन शेड और दुकानें बुलडोजर की चपेट में आ गईं। दुकानदारों ने नगर पंचायत की कार्रवाई का विरोध भी किया फिलहाल लोगों को मौके से हटा दिया गया। नगर पालिका ईओ अभिनव यादव और नायब तहसीलदार शिव परसन की निगरानी में बृहस्पतिवार को कार्रवाई की शुरुआत ब्लॉक कार्यालय के सामने से हुई और सुल्तानपुर मार्ग तक चली। इस दौरान करीब 20 पक्के निर्माण, 15 टिन शेड, 10 गुमटी, 10 तिरपाल की दुकानें व अन्य अतिक्रमण ढहा दिए गए।