फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमेठी में जन आरोग्य मेले में उमड़े मरीज, बुखार-बदन दर्द और खांसी को रोगी बढ़े

अमेठी में मौसम में बदलाव के साथ मौसमी बीमारियों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार को जिले के 30 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में सुबह से ही मरीजों की कतार लगने लगी। कोई बुखार और बदन दर्द से परेशान था तो किसी ने खांसी, सर्दी, पेटदर्द और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत की। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार किया और निशुल्क दवाएं वितरित कीं। गंभीर हालत वाले मरीजों को बेहतर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। गौरीगंज के जेठूमवई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सुबह से ही मरीज पहुंचने लगे थे। सुबह 11 बजे चिकित्सक डॉ. पीतांबर कनौजिया और डॉ. उमेश कुमार मरीजों की जांच कर दवाएं दे रहे थे। हरिकंदपुर निवासी श्रीमती ने बताया कि पांच दिनों से बुखार आ रहा है। शरीर में दर्द और कमजोरी भी महसूस हो रही है। घरेलू उपचार से आराम नहीं मिला तो अस्पताल पहुंचीं। मवई गांव की राजकुमारी ने बताया कि वह सर्दी, जुकाम और बुखार से परेशान हैं। रामसुमेर ने कहा कि बदन दर्द के साथ मौसम बदलने से सांस लेने में दिक्कत बढ़ गई है। पवन कुमार सिंह ने बताया कि सर्दी-जुकाम और बुखार से राहत के लिए निजी चिकित्सक से उपचार कराने के साथ बाहर से दवाएं भी लीं, लेकिन आराम नहीं मिला। मेले में चिकित्सकों ने लोगों को घर और आसपास सफाई रखने, स्वच्छ अथवा उबला पानी पीने तथा खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी। बुखार और दस्त होने पर घरेलू उपचार के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जांच कराने को कहा। इस दौरान आयुष चिकित्सक डॉ. राजीव कुमार, कंतलाल गौड़, अखिलेश तिवारी, नीतू यादव, नीतू सिंह, अजय कुमार, दुर्गेश मिश्रा और श्याम शंकर यादव सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें