अमेठी में पावर कारपोरेशन की ओर से बिजली उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तीन चरणों में चलने वाली बिजली बिल राहत योजना के तहत सोमवार को शिविर आयोजित हुआ। उपखंड कार्यालय सहित गांव-गांव शिविर आयोजित हुए। शिविर में पहले दिन जानकारी के अभाव में बहुत कम उपभोक्ता पहुंचे। ज्यादातर बढ़े बिल से परेशान उपभोक्ताओं ने शिविर में भी समस्या का निस्तारण नहीं होने की बात कही। गौरीगंज उपखंड कार्यालय पर आयोजित शिविर में पहुंचे मिसरौली गांव निवासी उपभोक्ता सालिकराम ने बताया कि उनकी पत्नी सावित्री के नाम बिजली कनेक्शन है। 24 अक्तूबर 2025 को उन्होंने अपने बिजली बिल का भुगतान कर दिया था। 28 नवंबर को उनका बिजली बिल 13,276 रुपये गलत ढंग से जारी कर दिया गया। आज शिविर में भी निदान नहीं मिल पाया। पूरे फाजिल निवासी महमूद आलम ने बताया कि मई 2025 में उन्होंने अपने बिजली बिल जमा किया था। करीब छह माह का बिल 37 हजार रुपये से अधिक का आ गया है। लगातार अफसरों के दफ्तरों का चक्कर काटने के बाद भी निस्तारण नहीं हो पा रहा है। प्रभारी अधीक्षण अभियंता व एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि जिले के गौरीगंज, अमेठी, तिलोई व जगदीशपुर वितरण खंड में गांव-गांव 866 शिविर आयोजित होंगे। इसके माध्यम से उपभोक्ताओं को लाभ दिलाया जाएगा। योजना में शामिल सभी उपभोक्ताओं को 321 करोड़ रुपये की राहत मिलेगी, जिसमें मूलधन और उस पर लगने वाला ब्याज दोनों शामिल हैं। उपभोक्ता शिविर के साथ जन सुविधा केंद्र, विभाग के पोर्टल पर जाकर उपभोक्ता पंजीकरण कराकर लाभ ले सकते हैं।