अमेठी जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में रंगारंग प्रस्तुति से युवाओं ने लोगों का दिल जीत लिया। इस दौरान नृत्य, गीत आदि की सामूहिक व एकल प्रतियोगिताएं आयोजित की गई। लोकगीत प्रतियोगिता में शिवानी व अर्पिता, एकल लोकगीत में हिमांशी, विज्ञान मेला में शिव नायक सिंह, युवा कविता लेखन में जया सिंह अंशु मौर्य, चित्रकला में विशाल सिंह, भाषण प्रतियोगिता में अभिजीत त्रिपाठी, सामूहिक लोकनृत्य में जीजीआईसी जायस, फोटोग्राफी में फलक बानो ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिला स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन युवा कल्याण विभाग नेहरू युवा केंद्र व राष्ट्रीय सेवा योजना की ओर से जिला मुख्यालय गौरीगंज के मनीषी महिला पीजी कॉलेज में किया गया। मंगलवार को दोपहर 12 बजे शिक्षाविद जगदंबा प्रसाद मनीषी ने दीप प्रज्जवलन के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने सभी को संविधान की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में युवा कल्याण अधिकारी काशीनाथ ने बताया कि प्रत्येक वर्ष एक दिवसीय युवा उत्सव का आयोजन जिले में किया जाता है, जिसमें विजेता प्रतिभागी को मंडल स्तर एवं प्रदेश स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलता है।