अमेठी जिले के गौरीगंज में अयोध्या मंडल के नवनियुक्त 62 ग्राम पंचायत अधिकारियों का 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण का समापन बुधवार को किया गया। नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को उनके कार्य से संबंधित विभिन्न प्रकार के अभिलेख, ग्राम पंचायत में प्रयोग होने वाले पंचायत रजिस्टर, जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन जिला मुख्यालय गौरीगंज में विकास भवन के पास स्थित जिला पंचायत रिसोर्स केंद्र डीपीआरसी में किया गया। इससे पहले मंगलवार 17 दिसंबर को नवनियुक्त अधिकारियों ने विभिन्न ग्राम पंचायत का भ्रमण कर जानकारी प्राप्त की। बुधवार को समापन के दौरान सभी का प्रशिक्षण से संबंधित मूल्यांकन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने सभी अधिकारियों को मेहनत और लगन के साथ ग्राम पंचायत में उत्तरदायित्व निर्वहन के लिए प्रेरित किया।