राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री को हटाने की मांग जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज का हवाला देते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा ज्ञापन अमेठी: भारतीय जागृति मिशन दिव्यांग संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने शनिवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की मांग की। ज्ञापन में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों और छात्रों की समस्याओं का हवाला देते हुए इस संबंध में संवैधानिक कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि देश की शिक्षा व्यवस्था में कई गंभीर समस्याएं बनी हुई हैं। छात्रों और युवाओं की ओर से लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं, जिनके समाधान के लिए निष्पक्ष और प्रभावी कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। संगठन का आरोप है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, जिससे कई छात्र-छात्राएं घायल हुए और कुछ के जान गंवाने का भी दावा किया गया। इसे अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताते हुए मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में राष्ट्रपति से अनुरोध किया गया है कि पूरे प्रकरण का संज्ञान लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने के लिए आवश्यक संवैधानिक एवं विधिसम्मत कार्रवाई कराई जाए, ताकि देश के छात्रों और युवाओं का शिक्षा व्यवस्था पर विश्वास कायम रह सके।