यूपी के अमेठी में मंगलवार देर रात घर के सामने बैठे युवक को गांव के ही पांच लोगों ने पीटा। मामला बढ़ा तो तमंचे से फायरिंग झोंक दी। गोली इरफान को लग गई। आवाज सुनकर ग्रामीण भागे, तब तक आरोपी भाग निकले। युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। पुलिस ने पांच के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के इटरौर गांव की है। गांव निवासी मुमताज ने बताया कि उनका भाई इरफान रात करीब 9.30 बजे घर के दरवाजे पर बैठा था। इसी समय सादाब तेज गति से घर के सामने से कार लेकर गुजरा। इससे धूल उड़ रही थी। इरफान ने सादाब को कार धीमे चलाने को कहा। इससे सादाब का पारा चढ़ गया। इसने अपने परिजन मोजीद, दिलदार, कामरान, एजाज और शमीम को बुलाकर चढ़ाई कर दी। आरोपियों ने लाठी-डंडों से लैश घर में धावा बोल दिया। इरफान को जमकर पीटा। मारपीट के बीच उन लोगों ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली इरफान के गले में लग गई। वह खून से लथपथ होकर गिर गया। गांव के लोग मौके की तरफ दौड़े। इससे पहले ही आरोपी भाग निकले। ग्रामीणों की मदद से खून से लथपथ इरफान को ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए केजीएमसी लखनऊ के लिए रेफर कर दिया। इंस्पेक्टर धीरेंद्र यादव ने बताया कि मामले में पांच आरोपियों पर केस दर्ज किया गया है। शमीम और एजाज को हिरासत में लेकर मामले की जांच की जा रही है। अन्य लोगों की तलाश में दबिश दी जा रही है।