अमेठी में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का दूसरा दिन रविवार को भी जिले के 10 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ। पहले दिन शनिवार को परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद दूसरे दिन सुबह से ही विभिन्न परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की भीड़ दिखाई दी। कई अभ्यर्थी समय से पहले केंद्रों पर पहुंच गए और परीक्षा शुरू होने से पहले बाहर बैठकर अपने नोट्स का अंतिम रिवीजन करते नजर आए। केंद्रों पर प्रवेश से पहले सभी अभ्यर्थियों की आई स्कैनिंग और बायोमीट्रिक सत्यापन कराया गया। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले में कुल 10 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को भी दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जा रही है। पहली पाली में करीब 3600 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं, जबकि दूसरी पाली में लगभग 3625 अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रशासन ने जिले को दो जोन और 10 सेक्टर में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर में सेक्टर मजिस्ट्रेट और स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर ऑनलाइन सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है। पुलिस कार्यालय परिसर में बनाए गए कंट्रोल रूम से भी सभी केंद्रों की गतिविधियों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। इसके साथ ही खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय रखा गया है, ताकि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि न हो सके। परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस बल की तैनाती की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।