अमेठी में सावन माह के दूसरे सोमवार को सुबह से ही हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शिवभक्त मंदिरों की ओर बढ़ते नजर आए। शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र चढ़ाकर शिवभक्तों ने भोलेनाथ से परिवार और समाज की मंगलकामना की। कई स्थानों पर वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक भी हुआ। ताला स्थित मुकुटनाथ धाम, जागेश्वर धाम, कालिकन धाम, देवीपाटन धाम, दुखहरण धाम, महादेवन, नर्वदेश्वर धाम, सेल कैंपस स्थित आनंदेश्वर मंदिर, यूपीसीडा कॉलोनी, संजय गांधी पॉलीटेक्निक व भेल कैंपस के शिवालयों में सुबह से ही शिवभक्तों की भीड़ जुटी रही। रामपुरपवारा के बाबा दत्तहरेश्वर धाम, पन्हौना के झारखंडेश्वर, सेमरौता के बाबा उजियार नाथ मंदिर में कतार में खड़े होकर श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर गंगाजल, दूध और दही अर्पित किया। फुरसतगंज क्षेत्र के पीढ़ी गांव स्थित तपेश्वर नाथ धाम में भी सोमवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। भोर से ही जलाभिषेक का क्रम आरंभ हो गया। श्रद्धालुओं ने गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक किया। गंगा घाट से गंगाजल भरकर ताला स्थित बाबा मुकुटनाथ धाम पहुंचे कांवड़ियों ने भी भगवान शिव का जलाभिषेक किया। क्षेत्र के अलग-अलग गांवों से कांवड़ यात्रा निकालने वाले श्रद्धालुओं ने दिन-रात पैदल चलकर सोमवार को विभिन्न शिवालयों में जल चढ़ाया।