यूपी के अमेठी में सोमवार को गूलर का पेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो दोनों पक्ष लाठी-डंडे लेकर आमने-सामने आ गए। मारपीट में 12 लोग घायल हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव की है। घायलों में एक पक्ष के अमित सरोज, गया बक्स सिंह, तेज बहादुर सिंह, अनीत सिंह और मंगल सरोज शामिल हैं। दूसरे पक्ष से जगप्रसाद यादव, दिनेश यादव, दुर्गेश यादव, धर्मेंद्र यादव, यशवंत यादव, श्रवण यादव और समीर यादव हैं। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, जगदीशपुर पहुंचाया गया। थाना प्रभारी धीरेद्र यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अभी तक किसी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।