अमेठी में भेंटुआ के सनहा गांव निवासी जैबुल निशा (90) पर बुधवार शाम जंगली जानवरी ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जैबुलनिशा के अलावा शहनाज बानों (29), मोहम्मद अजीब की बेटी फिजा बानों (5), शकीना (70) और अमीरुलनिशा (55) भी जंगली जानवर के हमले में घायल हो गईं। शोरगुल होने पर जंगली जानवर जंगल की तरफ भाग गया। बताते हैं कि हमला करने वाला जानवर सियार था। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी। घायलों को सीएचसी भेटुआ में भर्ती कराया गया, जहां जैबुल निशा की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। मुन्ना अंसारी के मुताबिक उनकी मां जैबुल निशा शाम को घर के सामने बैठी थीं। इसी दौरान अचानक सियार आया और उन पर हमला कर दिया। मां की चीख-पुकार सुनकर घर के अंदर मौजूद उनकी पत्नी सलमा अंसारी बाहर आईं और ग्रामीणों की मदद से सियार को भगाया गया। तब तक उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो चुकी थीं। सियार ने गांव की शहनाज बानों, फिजा बानों, शकीना और अमीरुलनिशा पर भी हमला किया। सीएचसी भेटुआ में प्राथमिक उपचार के बाद जैबुल निशा को जिला अस्पताल सुल्तानपुर भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। डॉ. अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के साथ रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया है। चार घायलों की हालत सामान्य होने पर उन्हें दवा देकर घर भेज दिया गया। सियार के हमले की सूचना पर वन दरोगा सुरेंद्र प्रताप टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डीएफओ रणवीर मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में है। बृहस्पतिवार को भी वन विभाग की टीम सियार की तलाश के साथ ग्रामीणों को जागरूक कर रही है।