यूपी के अमेठी में पावर कारपोरेशन की ओर से उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए तीन चरणों में चलने वाली बिजली बिल राहत योजना के तहत बृहस्पतिवार को सभी उपखंड कार्यालय व गांव-गांव शिविर आयोजित हुए। मौजूद अफसरों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं का निस्तारण किया। जिले में इस योजना के तहत घरेलू एक व दो किलोवॉट और एक किलोवॉट वाणिज्य के 1,55,944 उपभोक्ता हैं। इनका कुल 53744.39 लाख रुपये का बिजली बिल बकाया है। शिविर में उपभोक्ताओं को तीन चरण में पूर्ण ब्याजमाफी के साथ मूलधन में छूट मिलेगी। गौरीगंज उपखंड कार्यालय में मिले उपभोक्ता उमाशंकर ने बताया कि छह मई 2003 में 10 हजार रुपये जमा किया था। उसे बिल में नहीं चढ़ाया गया। अब 24 हजार रुपये से अधिक का नोटिस भेज दिया गया है। यहां आया हूं अभी कोई सही जानकारी नहीं मिल पाई है। नरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पिता राम सुमेर के नाम बिजली कनेक्शन है। आठ माह से बिजली बिल नहीं आया। शिविर की जानकारी मिली, तो यहां पर जमा करने आया हूं। धर्म देवी ने बताया कि पहले 150 से 200 रुपये बिजली आता था, एक ही बल्ब और पंखा चलता है। अब बिल 300 से 350 रुपये आ रहा है। गौरीशंकर ने बताया कि बिजली बिल राहत योजना शिविर की जानकारी मिली है। 24,893 रुपये बिजली बिल आया था, छूट मिलने के बाद 9200 रुपये जमा करना पड़ा। एक्सईएन अभिषेक कुमार ने बताया कि शिविर के माध्यम से उपभोक्ताओं को लाभ दिलाया जा रहा है। कहा कि उपभोक्ता शिविर के साथ जन सुविधा केंद्र, विभाग के पोर्टल पर जाकर उपभोक्ता पंजीकरण कराकर लाभ ले सकते हैं।