अंबेडकरनगर। सोमवार को दिन भर बादल छाए रहने के बाद मंगलवार भोर से ही बारिश शुरू हो गई। अकबरपुर शहर के साथ जिले के अधिकांश इलाकों में करीब तीन घंटे तक रुक-रुककर बारिश हुई। इसके बाद पूरा दिन तेज हवा चली, जिससे बड़े पैमाने पर धान की फसल खेतों में गिर गई है। वहीं, कटाई के बाद खेत-खलिहान में लगा धान भीग गया है, जिससे उसके अंकुरित होने का खतरा बढ़ गया है। सब्जियों को भी बारिश के कारण नुकसान हुआ है। आने वाले दो दिनों तक मौसम विज्ञानी बारिश की सिलसिला जारी रहने की संभावना जता रहे हैं, जिससे किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें उभरी हुई हैं। इस बीच बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी चरमरा गई। तापमान में करीब एक डिग्री की और गिरावट होने से सर्दी के साथ मौसम जनित बीमारियों के बढ़ने के भी आसार बन गए हैं।