परिषदीय स्कूलों में समायोजित किए गए सरप्लस शिक्षकों ने सोमवार को बीएसए पर नियम विरुद्ध समायोजन करने का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। बीएसए कार्यालय व कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपकर समायोजन सूची को रद्द करने की मांग की है। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि बीएसए ने जिले में बेसिक शिक्षकों का समायोजन आदेश अत्यंत मनमाने व नियम विरुद्ध ढंग से जारी किया गया है। इस पूरी प्रक्रिया में न तो पारदर्शिता बरती गई है और न ही निर्धारित नियमों का पालन किया गया है। शिक्षक तैनाती नियमावली के अनुसार किसी एक विद्यालय से दूसरे विद्यालय में पदस्थापना काउंसलिंग प्रक्रिया के माध्यम से की जानी चाहिए, जिसमें दिव्यांग शिक्षकों को प्रथम वरीयता, महिला शिक्षकों को द्वितीय वरीयता तथा पुरुष शिक्षकों को अंतिम वरीयता प्रदान की जाती है, लेकिन जारी सूची में नियमों का पूर्णता उल्लंघन किया गया है और विद्यालयों का आवंटन भी मनमाने ढंग से किया गया है। सरप्लस शिक्षकों की कोई सूची प्रकाशित नहीं की गई है। इसमें कई शिक्षकों का समायोजन तीन बार किया गया है।