अंबेडकरनगर जनपद में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बन गया है। देर रात तक पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। बुधवार रात करीब 10 बजे शहर के टांडा मार्ग स्थित जगमोहन फिलिंग स्टेशन पर सैकड़ों बाइक व कार सवारों की भीड़ लग गई। लोगों में नोकझोंक होने पर शहर कोतवाल श्रीनिवास पांडेय भारी भरकम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस ने लाइन लगवाकर रात करीब 11 बजे तक वितरण कराया। आखिरकार रात में ज्यादातर पेट्रोल पंपों को बंद करना पड़ा। टांडा क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर भोर से ही ट्रैक्टर और किसानों की लंबी लाइनें लगी हुई हैं। शहर के पंपों पर भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है। आपूर्ति प्रभावित होने की अफवाह के चलते लोग आवश्यकता से अधिक खरीद कर रहे हैं।