पूर्वांचल के ऐतिहासिक मेले की तैयारियां इस बार सुस्त रफ्तार से चल रही हैं। सीडीओ आनंद कुमार शुक्ल ने बीते सोमवार को बैठक कर जिला पंचायत के अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी कोई काम शुरू नहीं हुआ था। इस पर डीएम अनुपम शुक्ला भी नाराजगी जता चुके हैं। मेला अध्यक्ष भोमेंद्र सिंह उर्फ पप्पू ने जिला पंचायत की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिला पंचायत मेले की व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा नहीं करता। मेले के महज पांच दिन पहले ही तैयारी शुरू होती है, जो आयोजन के दौरान ही धराशायी हो जाती है। जिला पंचायत द्वारा तीन रैन बसेरा और चार सामुदायिक शौचालय बनाने की योजना तो है, लेकिन अभी तक साफ-सफाई या मरम्मत का कार्य नहीं किया गया है। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी नहीं की गई है, जबकि मेले में दुकानें लगनी शुरू हो चुकी हैं। सामुदायिक शौचालय बंद होने के कारण बाहर से आए दुकानदारों को भारी परेशानी हो रही है और वे खुले में शौच करने को मजबूर हैं।