जहांगीरगंज (अंबेडकरनगर)। जहांगीरगंज क्षेत्र के ग्राम सहसा में स्थित भगवान शिव की प्राचीन प्रतिमा, मंदिर परिसर का गेट तथा पास में लगा हैंडपंप रविवार की रात अराजकतत्वों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह ग्रामीणों को जानकारी हुई तो लोग आक्रोशित हो उठे। एएसपी पूर्वी श्यामदेव, एसडीएम आलापुर सुभाष सिंह, सीओ प्रदीप सिंह चंदेल, और नायब तहसीलदार हूबलाल भी घटनास्थल पर पहुंच गए। अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर ग्रामीणों से बातचीत की। उच्चाधिकारियों ने भगवान शिव की नई प्रतिमा स्थापित कराने की प्रक्रिया शुरू कराई साथ ही गेट व हैंडपंप को दुरुस्त कराया जा रहा है। सुरक्षा के दृष्टिगत सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए हैं। अधिकारियों ने ग्रामीणों से एक निगरानी समिति गठित करने को भी कहा। एएसपी ने बताया कि मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है। मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है। अराजक तत्वों का पता लगाकर कार्रवाई की जाएगी।