अंबेडकरनगर। रघुराजी देवी फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को अकबरपुर में क्लीन एअर, ग्रीन एअर मैराथन का आयोजन किया गया। सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं इस मैराथन में शामिल हुए। मैराथन को रघुराजी देवी डालडा मिल परिसर से भाजपा के क्षेत्रीय मंत्री कमलेश मिश्रा और पूर्व सांसद रितेश पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके बाद छात्र-छात्राएं अयोध्या रोड से होते हुए तहसील तिराहे पर पहुंचे, जहां प्रतिभागियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। यहां से बच्चे फव्वारा तिराहा होते हुए नई सड़क शहजादपुर होते हुए जेके जेटली कॉलेज से लोहिया प्रतिमा होते हुए वापस तहसील तिराहे पर पहुंचे। इसके बाद बच्चों ने पटेल तिराहा पहुंचकर दौड़ समाप्त की। यहां पर बालक एवं बालिका वर्ग में प्रथम द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अच्छा प्रदर्शन करने वाले 10-10 बच्चों को सांत्वना पुरस्कार किया गया।