बकरीद का त्योहार बृहस्पतिवार को जिले भर में मनाया जाएगा। इसके लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले को पांच जोन में बांटकर 122 ईदगाहों और 332 मस्जिदों पर पुलिस की तैनाती रहेगी। इसके लिए पुलिस ड्यूटी चार्ट जारी कर दिया गया है। मजिस्ट्रेट की भी तैनाती कर दी गई है। बुधवार को शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र की मस्जिदों व ईदगाहों में साफ-सफाई के साथ रंग रोगन का कार्य पूरा करा लिया गया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न होने पाए। सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने अपने क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी करेंगे। वहीं थानाध्यक्षों को अपने अपने इलाकों में गतिमान रहने की हिदायत दी गई है। त्योहार के मद्देनजर अकबरपुर, जलालपुर, टांडा, बसखारी, किछौछा समेत अन्य क्षेत्रों में जमकर खरीदारी हुई। बकरों की खरीद का सिलसिला लगातार जारी है। उधर मुस्लिम धर्मगुरू भी लोगों से प्रतिबंधित पशुओं की बलि न देने और शासन की ओर से जारी गाइडलाइन के अनुसार त्योहार मनाने की अपील कर रहे हैं।