इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के अमीनपुर गांव में एक मजदूर परिवार की खुशियों पर उस समय पानी फिर गया, जब अज्ञात कारणों से लगी आग ने उनका आशियाना और शादी की पूरी तैयारियां जलाकर राख कर दीं। जानकारी के अनुसार खुखुतारा निवासी सतीराम का परिवार वर्षों से मेहनत-मजदूरी कर अमीनपुर गांव में रह रहा है। गांव के ही सलमान बेग ने मानवता के आधार पर अपनी जमीन पर इस परिवार को बसने की अनुमति दी थी, जहां यह परिवार पिछले करीब एक दशक से झोपड़ी बनाकर रह रहा था। बताया जाता है कि सतीराम के भाई बनवारी की शादी आगामी 1 मई को तय थी। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा हुआ था और कपड़े, जेवर समेत जरूरी सामान की खरीदारी भी कर ली गई थी। लेकिन अचानक लगी आग ने कुछ ही देर में सब कुछ खाक कर दिया। आग की इस घटना में परिवार का पूरा घर, गृहस्थी का सामान और शादी की तैयारी में जुटाई गई सामग्री जलकर राख हो गई। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और अब उनके सामने दोबारा खड़े होने की चुनौती है। सूचना पर पहुंचे राजस्व कर्मियों ने मौके का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया। वहीं पीड़ित परिवार अब पूरी तरह से ग्रामीणों के सहारे है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि आने वाली शादी और उनके जीवन को फिर से पटरी पर लाया जा सके।